7 मई, 2026
मैं स्वामी क्रियानंद जी के स्वभाव के एक अत्यंत केंद्रीय गुण—उनके आनंद—को साझा करना चाहता हूँ। उनका नाम क्रियानंद ही “क्रिया और कर्म के माध्यम से प्राप्त आनंद” का अर्थ देता है। वे कहा करते थे, “यदि क्रिया आनंद के साथ की जाए, तो वह हमें दिव्य आनंद से भर देगी।”
भारत की शिक्षाएँ कहती हैं कि सृष्टि से परे ईश्वर के तीन मूल गुण हैं—अस्तित्व, चेतना और आनंद: सत्, चित्, आनंद। बहुत लोग पूछते हैं, “ईश्वर ने इस ब्रह्मांड की रचना क्यों की?” भारत में इसका सामान्य उत्तर है, “यह ईश्वर की लीला है, उनका खेल।”
लेकिन मुझे स्वामीजी का उत्तर अधिक प्रिय है:
“आनंद का स्वभाव ही ऐसा है कि वह स्वयं को बाँटना चाहता है। ईश्वर ने इस ब्रह्मांड की रचना इसलिए की ताकि वह अपना आनंद बाँट सके।”
स्वामीजी हर समय किसी न किसी रूप में आनंद प्रकट करते रहते थे। वह उनके अस्तित्व से ऐसे झलकता था जैसे धरती की गहराइयों से कोई झरना उमड़ रहा हो। यहाँ कुछ तरीके हैं जिनमें मैंने उस मूल आनंद को अभिव्यक्त होते देखा।
आनंद का बुलबुला
1980 के दशक के अंत में एक बार स्वामीजी और मैं मिशिगन में योगाचार्य ओलिवर ब्लैक के समुदाय सॉन्ग ऑफ द मॉर्निंग रैंच गए। योगाचार्य ने हमसे कहा,
“मैंने अपने चारों ओर आनंद का एक बुलबुला बना रखा है और मैं किसी भी चीज़ या व्यक्ति को उसे फोड़ने नहीं देता।”
उनके एक शिष्य ने यह घटना सुनाई: एक आग में उनका मंदिर जलकर नष्ट हो गया। उसे बचाने की असफल कोशिश के बाद योगाचार्य अपने छोटे-से घर में चले गए। उसी शाम वे भोजन के लिए आए और सामान्य रूप से प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने कहा,
“कुछ घंटों के लिए मेरे आनंद का बुलबुला गुम हो गया था, लेकिन अब मैंने उसे फिर प्राप्त कर लिया है।”
स्वामीजी भी ऐसे ही आनंद के बुलबुले में जीते थे। 1974 में सीक्लूज़न रिट्रीट का पहला मंदिर जल गया। अगले दिन स्वामीजी एक स्थानीय दुकान में गए। दुकानदार ने उन्हें गाते हुए अंदर आते देखा तो आश्चर्य से बोली,
“आप गा रहे हैं! जब मेरा घर जला था, तब मैं तीन महीने तक रो रही थी।”
स्वामीजी मुस्कराकर बोले,
“मैंने मंदिर खोया है, अपनी आवाज़ नहीं!”
आनंद ही समाधान है
1976 में आनंद विलेज में भी एक भयानक आग लगी, जिसमें लगभग सभी घर नष्ट हो गए थे।अधिकतर लोग ऐसी परिस्थिति में सिमट जाते हैं और आत्म-सुरक्षा में लग जाते हैं। लेकिन स्वामीजी ने बिल्कुल विपरीत दिशा अपनाई। उन्होंने पूरे देश में यात्राएँ शुरू कीं, जिन्हें उन्होंने जॉय टूर्स नाम दिया।
रात-दर-रात, शहर-दर-शहर, वे ईश्वर, आनंद संघ और सच्चे आनंद के विषय में बोलते रहे। उनका एक मुख्य संदेश था: “आनंद समाधान है, प्रतिफल नहीं ।”
यदि आप आनंद के साथ जीते हैं, तो बाकी सब कुछ बेहतर होने लगता है—आपका मानसिक दृष्टिकोण, स्वास्थ्य, सफलता, और सबसे बढ़कर ईश्वर के साथ आपका संबंध।
हास्य
आनंद की एक अभिव्यक्ति हास्य भी है। लोग हँसना पसंद करते हैं, और यह ईश्वर के आनंद को बाँटने का सुंदर माध्यम है। स्वामीजी विशेष रूप से पी. जी. वोडहाउस के हास्य का आनंद लेते थे। वे कहते थे कि उनका निष्कपट हास्य मानवता को “ईश्वर की दृष्टि” से देखने जैसा है।
विशेष अवसरों पर आनंद विलेज में अक्सर लोगों के बीच यह खबर फैल जाती थी:
“आज रात स्वामीजी वोडहाउस की कहानी पढ़ने वाले हैं।”
उनकी इन कहानियों की कई सुंदर रिकॉर्डिंग्स हैं, लेकिन सावधान रहिए—कभी-कभी स्वामीजी स्वयं इतनी ज़ोर से हँसने लगते थे कि कहानी आगे बढ़ने में थोड़ा समय लग जाता था।
देने का आनंद
स्वामीजी का स्वभाव अत्यंत उदार था और उन्हें उपहार देना बहुत पसंद था। उन्होंने हमसे कहा था, “यदि आपके मन में किसी चीज़ को पाने की तीव्र इच्छा हो, तो उसे दबाने की कोशिश न करें। अक्सर यह बेहतर होता है कि आप वह वस्तु खरीद लें और फिर उसे किसी और को दे दें।”
उसी यात्रा के दौरान, हम फ्लोरिडा के डिज़्नी एपकॉट सेंटर भी गए। वहाँ एक झील के चारों ओर ग्यारह देशों की छोटी-छोटी दुकानें और गतिविधियाँ थीं। स्वामीजी, जो खुद एक विश्व-नागरिकथे, विभिन्न “राष्ट्रों” में घूमना बहुत पसंद करते थे।
जापानी दुकान में उन्होंने एक सुंदर चाय-सेट देखा और कहा, “यह इतना सुंदर है कि मैं इसे खरीदना चाहता हूँ, लेकिन मेरे घर में पहले से बहुत-सी चायदानी हैं।”
अगले दिन भी वही दृश्य दोहराया गया। अंततः तीसरे दिन उन्होंने वह चाय-सेट खरीद ही लिया।
कुछ सप्ताह बाद, जब हम लौट आए, स्वामीजी हमारे घर आए। उनके चेहरे पर हल्की शरारती लेकिन आनंदमयी मुस्कान थी। उन्होंने वह चाय-सेट हमें उपहार में दे दिया। तब से हम अक्सर उस चाय-सेट के साथ उसकी कहानी भी अपने अतिथियों के साथ साझा करते हैं।
योगानंदजी ने कहा था: “जैसे एक पियानोवादक सदैव संगीत के बारे में सोचता है, वैसे ही ईश्वर-प्रेमी सदैव ईश्वर के बारे में सोचता है। एक दिव्य आनंद मस्तिष्क, हृदय और आत्मा को पोषण देता है। वही आनंद ईश्वर है; वह नित्य नवीन आनंद है।”
स्वामीजी के एक गीत की पंक्ति है: “स्वर्गों में आनंद है! पर्वतों पर मुस्कान है! और चारों तरफ मधुर संगीत गूँज रहा है!”
आइए, हम भी उसी आनंद के बुलबुले में जीना सीखें। वही हर दुःख और परेशानी का सच्चा समाधान है।
आनंद सहित,
नयास्वामी ज्योतिष
नयास्वामी ज्योतिष
ज्योतिष और उनकी पत्नी, नयास्वामी देवी, Ananda Worldwide के आध्यात्मिक निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। योगानंद के दीर्घकालिक भक्त, उन्होंने चालीस से भी अधिक वर्षों तक स्वामी क्रियानंद के साथ मिलकर काम किया और आनंद के विश्वव्यापी कार्य का मार्गदर्शन करने के लिए उनसे व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षित हुए। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप, रूस और भारत में अध्यापन और व्याख्यान दिए हैं। ज्योतिष और देवी, दोनों ही क्रियाचार्य हैं, जिन्हें स्वामी क्रियानंद ने लोगों को क्रिया योग की पवित्र कला में दीक्षित करने के लिए नियुक्त किया है। 2013 में स्वामीजी के देहांत के बाद से, ज्योतिष उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
यदि आप इस ब्लॉग का अंग्रेजी संस्करण पढ़ना चाहते हैं, तो कृपया यहां क्लिक करें – https://www.ananda.org/jyotish-and-devi/our-joy-filled-swami/