खोया हुआ हीरा

20 मार्च, 2026

क्या आपके साथ कभी ऐसी घटनाओं की एक श्रृंखला हुई है जो देखने में तो साधारण लगीं, लेकिन जब उन्हें एक साथ देखा, तो उनका एक अनपेक्षित अर्थ निकला? हाल ही में मुझे भी ऐसा ही एक अनुभव हुआ।

इस कहानी को बताने के लिए, मुझे आपको तैंतीस साल पीछे ले जाना होगा जब मेरी माँ का देहांत हुआ था। वे एक दयालु, प्रेममयी और निर्मल हृदय वाली महिला थीं, जो कई मायनों में मेरे लिए एक आदर्श थीं। उनके जीवन के अंतिम कुछ हफ्तों के दौरान, मैं और मेरा भाई उनके बिस्तर के पास बैठकर उन अनुभवों को खुशी-खुशी याद करते थे, जो हमारे परिवार ने साथ बिताए थे।

जैसे-जैसे उनके जीवन के दिन समाप्ति के समीप आ रहे थे, उन्होंने मेरा हाथ पकड़कर कहा, “मुझे पता है कि तुम ज्यादा गहने नहीं पहनती हो, लेकिन कृपया मेरे प्यार की याद के रूप में इस अंगूठी को स्वीकार करो।” उन्होंने अपनी उंगली से छह छोटे हीरों वाली सोने की एक साधारण अंगूठी निकालकर मुझे दे दी। तब से लेकर अब तक, मैं इसे हमेशा उनकी यादों के साथ पहनती आई थी।

अब वर्तमान में आते हैं। एक महीने पहले हमारी सबसे बड़ी पोती राइली और उसके मंगेतर एंड्रयू अपनी शादी के बारे में बात करने हमारे पास आए। उन्होंने हमसे समारोह का नेतृत्व करने के लिए कहा, अपनी योजनाएँ साझा कीं और उन अंगूठियों की तस्वीरें दिखाईं जिन्हें वे खरीदने पर विचार कर रहे थे। हम उनके लिए बहुत खुश थे और आभारी थे कि उन्होंने हमें आधिकारिक रूप से इस रस्म को निभाने के लिए कहा।

तभी चीजें और दिलचस्प होने लगीं। दो हफ्ते पहले, मैं अपने घर के दफ्तर  में एक पुराने धातु के फाइल बॉक्स को खोलने के लिए संघर्ष कर रही थी। अंततः जाम हो चुके लॉक पर जोर लगाकर मुझे उसे खोलना पड़ा। थोड़ी ही देर बाद, मुझे यह देखकर गहरा सदमा पहुँचा कि मेरी माँ की अंगूठी का एक छोटा सा हीरा गायब था।

हालाँकि मैंने अपने ऑफिस के फर्श और कालीन पर बार-बार खोज की, लेकिन वह हीरा कहीं नहीं मिला। चूँकि वे खाँचे (prongs) जिनमें पत्थर लगा था, अब बाहर की ओर निकल आए थे और चीजों में फंस रहे थे, मैंने दुखी होकर अंगूठी उतार दी और उसे अपने वेदी (altar) पर रख दिया। मुझे किसी तरह यह अहसास हो गया था कि मैं इसे दोबारा कभी नहीं पहन पाऊँगी।

“इस नुकसान का क्या अर्थ है?” मैं सोचती रही। मैंने खुद से पूछा, “क्या आध्यात्मिक पथ पर चलने वालों को प्रेम के सबसे प्रिय प्रतीकों को भी त्याग देना चाहिए?” कहने की जरूरत नहीं है कि मेरा मन बहुत भारी था। एक हफ्ता बीत गया, और मैं अब भी परेशान थी और खोज रही थी कि आखिर ऐसा क्यों हुआ।

लेकिन जवाब जल्द ही मिलने वाला था। मैं और ज्योतिष जंगल के बीच से होकर  अपने पसंदीदा रास्ते पर टहल रहे थे, तभी हमने एक दोस्त को विपरीत दिशा से आते देखा। मेरे भीतर से आवाज आई कि हमें रुककर बातचीत करनी चाहिए। एक सुखद लेकिन संक्षिप्त बातचीत के बाद, मेरा ध्यान उनकी शादी की अंगूठी पर गया, जो छोटे हीरों और माणिकों के साथ चमक रही थी।

“कितनी सुंदर अंगूठी है!” मैंने उत्साह से कहा।

“हाँ,” उन्होंने जवाब दिया। “ये छोटे पत्थर मेरी दादी के थे। मेरी पत्नी से उनकी मुलाकात होते ही वे उसे पसंद करने लगीं,और अपने गुजरने से कुछ समय पहले उन्होंने हमें एक अंगूठी दी थी। हमने उनकी अंगूठी के पत्थरों को अपनी शादी की अंगूठियों में लगवा लिया।”

अचानक मुझे उस सब का अर्थ समझ आ गया जो घटित हुआ था! मैं ज्योतिष की ओर मुड़ी और उत्साह से कहा , “मेरी माँ की अंगूठी राइली के लिए है!” जैसे ही हम घर पहुँचे, मैंने उसे एक फोटो के साथ मैसेज किया और पूछा, “क्या तुम इसे अपनी शादी की अंगूठी के रूप में चाहोगी? यह तुम्हारी परदादी की है।”

“मुझे यह बहुत पसंद आएगी,” उसने तुरंत वापस लिखा। “यह एक पारिवारिक विरासत है!”

कुछ दिन पहले, हमने उसे वह प्यारी निशानी भेंट की। जैसे ही उसने खुशी से अंगूठी को पकड़ा, मेरा दिल आनंद और स्वतंत्रता की भावना से भर गया। मुझे समझ आने लगा कि वह अंगूठी केवल मेरी माँ के प्यार का एक प्रतीक—एक संकुचित रूप—थी। मुझे एक बार फिर अहसास हुआ कि प्यार को साझा करना जरूरी है, वरना इसे हल्के में लिया जा सकता है या यह कम हो सकता है। जब हम इसे साझा करते हैं, तो हमारा हृदय विस्तृत होता है, और हम दूसरों के साथ—वास्तव में, समस्त जीवन के साथ—एक गहरा संबंध महसूस करते हैं।

मैंने यह भी देखा कि वास्तव में कभी कुछ नहीं खोता। जीवन की प्रतीत होने वाली असफलताएँ और नुकसान केवल गहरी समझ की ओर ले जाने वाले कदम (stepping-stones) हैं। यह दुनिया जिसे ईश्वर ने बनाया है—जो दिखने में इतनी ठोस और स्थायी लगती है—केवल उनका एक सपना है। सभी चीजें गुजर जाती हैं—प्रिय वस्तुएँ, प्यारे दोस्त, यहाँ तक कि सभ्यताएँ भी—ताकि हम यह महसूस कर सकें कि अंत में एकमात्र वास्तविकता ईश्वर का प्रेम ही है।

यह सारा ज्ञान मुझे एक छोटे से हीरे के खोने से मिला।

खुशी और कृतज्ञता के साथ,

नयास्वामी देवी

नयास्वामी देवी
नयास्वामी देवी पहली बार 1969 में आनंद के संस्थापक स्वामी क्रियानंद से मिलीं और उन्होंने अपना जीवन आध्यात्मिक पथ को समर्पित कर दिया। 1984 में, उन्होंने और उनके पति ज्योतिष ने आनंद संघ वर्ल्डवाइड के आध्यात्मिक निदेशक के रूप में एक साथ सेवा शुरू की। 2013 में क्रियानंदजी के देहांत के बाद से, ज्योतिष और देवी ने योगानंद द्वारा उन्हें सौंपे गए महान कार्य को आगे बढ़ाया है।
यदि आप इस ब्लॉग का अंग्रेजी संस्करण पढ़ना चाहते हैं, तो कृपया यहां क्लिक करें – https://www.ananda.org/jyotish-and-devi/the-lost-diamond/